पंजाब के मानसा जिले में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने आए सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकार सिद्धू प्रदेश सरकार पर भड़े। नशे के खिलाफ मुहिम चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की गिरफ्तारी का विरोध जताने के लिए बलकार मानसा पहुंचे।
मानसा पुलिस ने एक मामले में गिरफ्तार करके झोटा के खिलाफ केस दर्ज किया था। परिवार और अन्य जत्थेबंदियां परविंदर सिंह झोटा के हक में सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज मानसा में प्रदर्शन हुआ।
राजनीतिक किसान मजदूर और समाजसेवी संस्थाएं मानसा डिप्टी कमिश्नर ऑफिस के समक्ष पहुंची। यहां सरकार और प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में मूसेवाला के पिता बलकार सिद्धू भी पहुंचे।
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में नशा लगातार बढ़ रहा है। दिनदहाड़े कत्ल किए जा रहे हैं। सरकार नशा तस्करों पर कार्रवाई करने की बजाय नशा रोकने वाले पर कार्रवाई कर रही है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनके बेटे का दिनदहाड़े कत्ल कर दिया और अभी तक इंसाफ नहीं मिला। वहीं उन्होंने कहा कि उन लोगों के लिए कानून कहां हैं, जो सरेआम नशा तस्करी और कत्ल कर रहे हैं। कानून तो आम लोगों के लिए बनाए गए हैं।