जालंधर लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी और कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

Published:

प्रख्यात समाजसेवी व भाजपा नेता स्टीवन कलेर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परमजीत सिंह रायपुर ने थामा ‘आप’ का दामन
दोनों नेताओं ने कहा, मान सरकार की ईमानदारी व जनकल्याण कार्यों से प्रभावित होकर लिया फैसला
आप पंजाब के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कराया पार्टी में शामिल

चंडीगढ़, 24 अप्रैल

जालंधर में आगामी लोकसभा उपचुनाव जीतने का भाजपा और कांग्रेस की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, शिरोमणि कमेटी के सदस्य और जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष परमजीत सिंह रायपुर एवं प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता व भाजपा नेता स्टीवन कलेर आप में शामिल हो गए। आप के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल कराया।

दोनों नेताओं ने आम आदमी पार्टी की जनहित ऐसे नीतियों और मान सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर आप में शामिल होने का फैसला किया। अपने संबोधन में परमजीत सिंह रायपुर ने कहा कि वह पंजाब के सर्वांगीण विकास, भाईचारे, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक सुधारों सहित मान सरकार की जन हितैषी नीतियों से बेहद प्रभावित हैं। वहीं स्टीवन कलेर ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो बिना किसी भेदभाव के पंजाब के हर नागरिक के सुखद भविष्य के लिए ईमानदारी से काम कर रही है।

आपको बता दें कि स्टीवन कलेर जालंधर के बेहद सम्मानित परिवार के सदस्य हैं। उनके दादा स्वर्गीय किशनदास जी संविधान निर्माता बीआर अंबेडकर को पंजाब लेकर आए थे। स्टीवन के पिता एक प्रमुख चमड़े के व्यापारी थे। कलेर ने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए समाज सेवा के कार्यों में भी अहम योगदान दिया है। डेरा बल्लां के अनुयायी स्टीवन कलेर ‘श्री गुरु रविदास मंदिर मेमोरियल ट्रस्ट’ बूटमंडी के वर्तमान अध्यक्ष भी हैं।

चंडीगढ़ में आप का हिस्सा बनने पर परमजीत सिंह रायपुर और स्टीवन कलेर ने कहा कि वे जालंधर के लोगों की आवाज को संसद तक पहुंचाने और पार्टी उम्मीदवार सुशील कुमार रिंकू को जिताने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जगरूप सिंह सेखवां, जगबीर सिंह बराड़ सहित कई अन्य नेता उपस्थित थे।

Advertisement

spot_img

Related articles

Recent articles