पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के अमलोह शहर साहिब से बड़ी खबर सामने आयी है जहां स्टूडेंट्स की गुटबाजी में सरे बाजार एक निहंग ने कृपाण से एक व्यक्ति का हाथ काट डाला। घायल के परिजनों ने उसे अमलोह के सिविल अस्पताल भर्ती कराया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने हमला करने वाले निहंग गुरविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अमलोह के गांव चहलां के रहने वाले बलजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा अपने दोस्तों के साथ बाजार आया हुआ था। उसे बेटे का फोन आया कि उसे कुछ युवक घेरकर खड़े हैं, जिनके पास तेजधार हथियार हैं। उसने अपने बेटे को दुकान के अंदर छिपने को बोला। जैसे ही वह अपने भाई मनवीर सिंह समेत मौके पर पहुंचा तो इसी बीच एक बच्चे का पिता गुरविंदर सिंह जोकि गांव खनियान का रहने वाला है, वहां आया। आते ही अपनी कृपाण (श्री साहिब) निकालते हुए उसकी बाजू पर हमला कर दिया।
हमलावर की गाड़ी में पिस्तौल भी पड़ी थी। घायल के भाई मनवीर सिंह के अनुसार स्कूली बच्चों की आपसी लड़ाई है। इसी कारण उसके भतीजे को घेरकर पीटा जा रहा था। जब उन्होंने आकर अपने भतीजे को बचाया तो निहंग ने आकर उसके भाई बलजीत पर हमला कर दिया।
अमलोह के डीएसपी जंगजीत सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल के बयान दर्ज करके निहंग गुरविंदर सिंह के खिलाफ इरादतन कत्ल का केस दर्ज कर लिया गया।